Latest News: संयुक्त रक्षा सेवा परीक्षा (II), 2025 की लिखित परीक्षा के परिणाम घोषित * राष्ट्रीय रक्षा अकादमी और नौसेना अकादमी परीक्षा (I), 2025 के अंतिम परिणामों की हुई घोषणा * सीएपीएफ (सहायक कमांडेंट) परीक्षा 2025 के लिखित परिणाम घोषित

सशस्त्र सेनाओं में बढ़ी महिलाओं की संख्या, अब 54 साल तक दे सकती हैं सेवाएं


भारतीय सशस्त्र सेनाओं में बड़ी भूमिकाओं के निर्वहन के लिए महिला अधिकारियों को अधिकारसंपन्न बनाने का रास्ता तेजी से तैयार हो रहा है। दरअसल, पिछले छह साल के दौरान तीनों सेनाओं में अब महिला अधिकारियों की संख्या लगभग तीन गुना बढ़ गई है। साफ है कि अब महिलाओं के लिए इस ओर अधिक रास्ते खोले जा रहे हैं।

वर्तमान में 9,118 महिलाएं सेना, नौसेना और वायु सेना की सेवा कर रही हैं और उन्हें करियर बढ़ाने के अधिक मौके दिए जा रहे हैं। नौसेना और वायुसेना में महिलाएं विमान उड़ा रही हैं तो सेना ने भी ​आर्मी एविएशन का कोर्स शुरू करके महिला पायलटों के लिए रास्ते खोल दिए हैं।

सशस्त्र बलों में महिला अधिकारियों की संख्या साल 2014-15 में तीन हजार के आसपास थी। वर्तमान में सेना, नौसेना और वायु सेना में 9,118 महिलाएं सेवा कर रही हैं, जिसमें चिकित्सा विंग को छोड़कर सेना में 6,807, वायु सेना में 1,607 और नौसेना में 704 महिला अधिकारी हैं। अगर औसत के हिसाब से देखा जाए तो सेना में अभी भी महिलाओं की संख्या कम है क्योंकि सेना में 0.56 फीसदी, वायु सेना में 1.08 फीसदी और नौसेना में 6.5 फीसदी महिलाएं हैं।

सरकार ने सेनाओं में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं, जिसमें उन्हें लड़ाकू विमानों, नौसेना के विमानों को उड़ाने और उन्हें विभिन्न शाखाओं में स्थायी कमीशन देने की अनुमति शामिल है। इसी तरह, भारतीय वायुसेना के पास 10 महिला फाइटर पायलट हैं, जबकि 111 महिला पायलट परिवहन विमानों और हेलिकॉप्टरों को उड़ा रही हैं। भारतीय वायु सेना में जून, 2016 में तीन महिला फाइटर पायलट फ्लाइट लेफ्टिनेंट भावना कंठ, अवनी चतुर्वेदी एवं मोहना सिंह एक साथ शामिल हुईं थीं।

पिछले छह साल के अंदर सशस्त्र सेनाओं में महिलाओं की संख्या बढ़ने के कई कारण हैं। सरकार ने साल 2019 में गैर अधिकारी संवर्ग में कोर ऑफ मिलिट्री पुलिस में महिलाओं के लिए 1,700 पदों को मंजूरी दी है। इस पर भारतीय सेना ने महिलाओं के पहले बैच का प्रशिक्षण शुरू कर दिया है। साल 2020 में चिकित्सा, दंत चिकित्सा और नर्सिंग संवर्ग को छोड़कर, सशस्त्र बलों में महिला कर्मियों की संख्या तेजी से बढ़ी है। भारतीय वायुसेना ने साल 2015 में महिलाओं को लड़ाकू स्ट्रीम में शामिल करने का फैसला किया। इसी तरह, साल 2016 में पहली बार नौसैनिक महिलाओं को समुद्री टोही विमान के पायलट के रूप में शामिल किया गया था। नौसेना ने भी हाल के वर्षों में महिलाओं के लिए नए रास्ते खोले हैं। पैदल सेना में अभी भी महिलाओं के लिए युद्धपोत, टैंक और लड़ाकू स्थिति में नो-गो जोन हैं, लेकिन साल 1992 में पहली बार मेडिकल स्ट्रीम के बाहर सशस्त्र बलों में शामिल होने की अनुमति दी गई थी।

सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर अब सेना में महिलाओं को स्थायी कमीशन दिया जा रहा है। पिछले साल नवम्बर में गठित भारतीय सेना के चयन आयोग ने स्थायी कमीशन देने के लिए 422 महिला अधिकारियों का चयन किया है। कुल 615 महिलाओं पर विचार किया गया लेकिन 68 फीसदी महिला अधिकारी ही स्थायी कमीशन के लिए फिट पाई गईं। पांच सदस्यीय बोर्ड में आर्मी मेडिकल कोर की एक महिला ब्रिगेडियर शामिल थीं। स्थायी कमीशन के लिए फिट पाई गईं 422 में से 57 महिला अधिकारियों ने स्थायी कमीशन नहीं लेने का विकल्प चुना है। इसके अलावा स्थायी कमीशन के लिए अयोग्य पाई गईं 68 महिला अधिकारियों को अब पेंशन के साथ सेवा से मुक्त कर दिया जाएगा। इस तरह भारतीय सेना में 297 महिला अधिकारियों को स्थायी कमीशन मिलने का रास्ता साफ हो गया है।

एक नए घटनाक्रम के अनुसार, अब महिला अधिकारी जनरल रैंक तक जाकर पुरुष अधिकारियों की तरह 54 साल की उम्र तक आर्मी में सेवा दे सकती हैं।

इन महिला अधिकारियों को अब आर्मी एयर डिफेंस, सिगनल्स, इंजीनियर्स, आर्मी एविएशन, इलेक्ट्रॉनिक्स, मेकेनिकल इंजीनियर्स, आर्मी सर्विस कोर, आर्मी ऑर्डिनेंस कोर और इंटेलिजेंस कोर में भी स्थायी कमीशन मिल गया है। सेना की एविएशन कॉर्प्स में अभी तक महिलाएं सिर्फ  ग्राउंड ड्यूटी का हिस्सा हैं लेकिन, अब जल्द ही भारतीय सेना के पास भी ​​महिला पायलट होंगी जो बॉर्डर के पास ऑपरेशन्स में हिस्सा लेंगी। महिला अधिकारियों को ​​आर्मी एविएशन में भर्ती करने के लिए इसी साल जुलाई में कोर्स शुरू होगा, जिसमें एक साल की ट्रेनिंग के बाद महिला अधिकारी सेना में भी पायलट बन सकेंगी।

सुप्रीम कोर्ट ने पिछले साल नौसेना में भी महिला अफसरों को परमानेंट कमीशन दिए जाने की इजाजत दे दी है। कोर्ट ने फैसले में कहा कि महिलाओं में भी पुरुष अफसरों की तरह समुद्र में रहने की काबिलियत है। नौसेना ने लैंगिक असमानता को दूर करने के मकसद से दो महिला पायलट सब लेफ्टिनेंट कुमुदिनी त्यागी और सब लेफ्टिनेंट रीति सिंह को पहली बार वॉरशिप पर तैनात किया है। हालांकि, नौसेना में पहले से महिला अधिकारियों को रैंक के मुताबिक तैनात किया गया है, लेकिन, पहली बार किसी वॉरशिप पर महिलाओं को तैनात किया गया है। अभी तक नौसेना के विमान उड़ाने में पुरुषों का ही दबदबा रहता था, लेकिन, पहली बार भारतीय नौसेना ने डोर्नियर विमान पर मैरीटाइम टोही मिशन के लिए लेफ्टिनेंट दिव्या शर्मा, लेफ्टिनेंट शुभांगी और लेफ्टिनेंट शिवांगी को जिम्मेदारी दी है।



Related Items

  1. कश्‍मीर में सेना की ‘सुपर-40’ कोचिंग पहल को मिली शानदार कामयाबी

  1. भारतीय थल सेना में होनी है अफसरों की भर्ती

  1. वायु सेना में अफसर बनने का मौका




Mediabharti